अपहरण कर मारपीट और लूट का आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत। गोहाना के सदर थाना पुलिस ने व्यक्ति का अपहरण करके मारपीट व लूट की घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी प्रवीन निवासी कालखां जिला पानीपत का रहने वाला है। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया है।
पानीपत जिले के बांध गांव के नरेंद्र ने 17 फरवरी को गोहाना के सदर थाना में शिकायत देते हुए बताया था कि अश्विनी, रणधीर निवासी कालखां जिला पानीपत व तीन अज्ञात ने गांव ढुराना से उसका अपहरण किया। उसके बाद उससे मारपीट कर दो अंगूठी, चैन व घड़ी छीनकर ले गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी। मुंडलाना पुलिस चौकी के एसआई नविंद्र ने इस मामले में शामिल आरोपियों अश्विनी निवासी बांध, रणधीर उर्फ धीरा, सुखबीर व नवनीत निवासी कालखां जिला पानीपत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उन आरोपियों ने रंजिशन घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। उन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया था। जिसमें पुलिस ने अब एक अन्य आरोपी प्रवीन निवासी कालखां जिला पानीपत को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे पुलिस ने कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया है।