दोस्त के साथ हुए झगड़े में सुलह कराने गए युवक पर तेजधार हथियार से हमला
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। गांव कबीरपुर में दोस्त के साथ हुए झगड़े में सुलह कराने गए युवक को तेजधार हथियार से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। युवक ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
कोट मोहल्ला निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह 18 फरवरी की रात को तारानगर में अपने दोस्त की बहन की मेहंदी की रस्म में गया था। देर रात वहां पर उनका साथी खान कालोनी निवासी नवीन आया था। नवीन ने उनके सामने कहा था कि कबीरपुर के सुमित व बंटी ने उसके साथ मारपीट की। उसने कहा था कि वह दोनों को जानता है, इसलिए उनके पास जाकर उसकी सुलह करा दे। ताकि वह उसके साथ आगे से मारपीट न करें। इस पर वह अपने साथी महेश के साथ सुमित व बंटी को समझाने कबीरपुर गया था। उसने दोनों को घर से बाहर बुला लिया। बाहर आकर बातचीत के दौरान दोनों उसे गालियां देेने लगे। उसने विरोध किया तो उन्होंने तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। उसके साथी महेश ने बचाव किया तो उसे भी चोटिल कर दिया गया। बाद में उसके पेट में तेजधार हथियार से वार किया गया। उसके शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए थे। विकास को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार देकर रेफर कर दिया गया था। जिसके बाद वह वापस सोनीपत आ गया था। उसने अब मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने विकास के बयान पर सुमित व बंटी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।