एसटीएफ के हत्थे चढ़ा मादक पदार्थ तस्कर, साढ़े तीन किलो चरस की बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। एसटीएफ की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार उससे तीन किलो 600 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी कपड़े के व्यापार की आड़ में तस्करी का गोरखधंधा कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के कारसौग का रहने वाला जितेंद्र है। वह दिल्ली के होटल में किराए पर कमरा लेकर चरस सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे रविवार को कोर्ट में पेश पर चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने दो अन्य मादक पदार्थ तस्करों को 738 ग्राम गांजा पत्ती के साथ काबू किया है।
एसटीएफ में नियुक्त एसआई रवि व एएसआई मंदीप की टीम शनिवार रात राई क्षेत्र में गश्त कर रही थी। टीम जब गांव जठेडी मोड़ के पास पहुंची तो एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। युवक को रोक कर जब तलाशी ली गई तो उसके पास से दो किलो 880 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी ने अपनी पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के कारसौग निवासी जितेंद्र के रूप में दी। आरोपी ने बताया कि वह चरस हिमाचल प्रदेश से ही लेकर आया था। जिसे यहां बेच कर मुनाफा कमाना चाहता था। पुलिस ने जब उससे गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने दिल्ली के फतेहपुरी में एक होटल में कमरा किराए पर ले रखा है। यहां से वह दिल्ली व मुरथल के कई ठिकानों पर चरस सप्लाई करता है। जिस पर पुलिस ने होटल के कमरे में रेड कर वहां से 860 ग्राम चरस और बरामद की।
---
होटल में रहता था कपड़ा व्यापारी बनकर
आरोपी ने बताया कि वह होटल में कपड़ा व्यापारी बनकर रहता था। उसके कमरे से कपड़ा भी मिला है। वह होटल संचालक को बताता था कि वह हिमाचल से कपड़ा लेकर आता है और यहां बेचता है। कपड़ेे की आड़ में वह नशा तस्करी का गोरखधंधा चला रहा था। पुलिस रिमांड के दौरान पता लगाएगी कि वह मुरथल व दिल्ली में कहां कहां मादक पदार्थ सप्लाई करता था।
---
तस्करी के दो अन्य आरोपी काबू
वहीं स्पेशल स्टाफ पुलिस ने बिहार के जिला अरहरिया के गांव कफरपुर निवासी मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिलहाल में शहर की लक्ष्मण कालोनी में रह रहा था। शहर के आईटीआई चौक के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 510 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की है। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली से गांजा लेकर आया था। जिसे शहर में बेच कर मुनाफा कमाना चाहता था। तीसरे मामले में थाना गोाहना पुलिस ने देवीपुरा निवासी राजकुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 228 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई है। आरोपी भी गांजा को बेचने की फिराक में घूम रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों मादक पदार्थ तस्करों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।