शामली। शहर के मोहल्ला बनखंडी में बीड़ी के बंडल ने बवाल करा दिया। दूसरे समुदाय का युवक दुकान से बीड़ी का बंडल उठाकर भाग गया, जिसको लेकर मारपीट के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आ गए। मारपीट के साथ ही पथराव और फायरिंग करने का आरोप लगाया गया। घटना को लेकर तनाव व्याप्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी चलाकर हंगामा करने वालों को खदेड़ा और स्थिति नियंत्रित की। देर रात पुलिस अधीक्षक, एएसपी, सीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रहे।
मोहल्ला बनखंडी में विक्की की परचून की दुकान है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे विक्की के पिता सतपाल दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान कालू उर्फ हुक्का दुकान पर पहुंचा और बीड़ी का बंडल उठाकर भाग गया। सतपाल ने शोर मचाया, तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी दौरान कालू भी वहां पहुंच गया।
दूसरे समुदाय के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में गाली गलौज के बाद मारपीट हुई और हंगामा हुआ। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ के बीच किसी ने पथराव कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। आरोप है कि एक पक्ष की तरफ से फायरिंग भी की गई, जिससे मौके पर तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर शामली कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लाठी चलाकर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह भी मौके पर आ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने फायरिंग और पथराव करने का आरोप एक दूसरे पर लगाया।
सूचना र पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीएसी भी बुला ली गई। इसके बाद पुलिस एक पक्ष से सपा नेता राशिद पहलवान और दूसरे पक्ष से विक्की तथा उसके पिता सतपाल को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामूली विवाद पर टकराव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गंभीरता से जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छावनी बना मोहल्ला
घटना के बाद तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शामली कोतवाली पुलिस के अलावा कांधला, कैराना, आदर्श मंडी, झिंझाना और थानाभवन थानाध्यक्ष को भी पुलिस बल के साथ मौके पर बुला लिया गया था। इसके अलावा पीेएसी के जवानों को भी दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैनात कर दिया गया। ताकि माहौल गरमाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बाहर से बुलाए युवक
मोहल्ला बनखंडी में दो पक्षों में झगडे की बड़ी वजह बाहर से बुलाए गए युवक बताए जा रहे हैं। मालूम चला है कि जब झगड़ा हुआ, तो उसके कुछ देर में ही तीन-चार बाइकों पर युवक वहां पहुंचे। इसके बाद गरमागरमी बढ़ी और तनाव हो गया था। पुुलिस उन युवकों की पहचान करने में लगी है, जो बाहर से वहां पहुंचे थे।