अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के निजी स्कूल में आयोजित राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ में भाग लेने आए फतेहाबाद के तैराक से मारपीट का मामला सामने आया है। तैराक की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने दो नामजद सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया है।
फतेहाबाद निवासी तैराक संजय राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ में सिरसा की तरफ से भाग ले रहा था। वह अन्य खिलाड़ियों के साथ आयोजन स्थल पर रुका हुआ है। संजय का आरोप है कि सोमवार शाम को वह तरणताल के पास मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई। इसके चलते कपिल व बंटी नाम के युवकों ने पांच-छह अन्य युवकों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। उसके शोर मचाने पर साथी खिलाड़ियों ने उसे छुड़वाया। आरोप है कि इसके बाद भी हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते रहे। साथियों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां गंभीर हालत के चलते खानपुर, महिला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। सदर पुलिस ने संजय के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।