देवेंद्र भुक्खा और नवीन छोटा में गैंगवार का शक, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के सामान्य अस्पताल में मंगलवार की देर रात दो गुटों में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस को शक है कि भुक्खा और नवीन के गुटों में गैंगवार हुआ है। पुलिस ने घायल देवेंद्र उर्फ भुक्खा के बयान पर सात नामजद समेत नौ के खिलाफ हत्या का प्रयास, षड्यंत्र रचने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मामले में देर रात आरोपी नवीन उर्फ छोटा भी सामान्य अस्पताल में पहुंचा। उसके हाथ में गोली लगी थी। उसने भी अस्पताल परिसर में गोलीबारी के दौरान गोली मारने का आरोप लगाया है। उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। हालांकि वह पीजीआई में पुलिस को भर्ती नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि उसके बारे में पता लगाया जा रहा है। उसके बयान दर्ज करने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
विदित रहे कि गांव बैंयापुर निवासी देवेंद्र उर्फ भुक्खा के भाई अनिल की मंगलवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। देवेंद्र अपने भाई के शव को लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचा था। इसी दौरान फॉरच्युनर गाड़ी में आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। जिसमें दो गोलियां देवेंद्र को लगी थीं। देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं वारदात को अंजाम देकर हमलावर फॉरच्युनर गाड़ी लेकर फरार हो गए थे। देवेंद्र को सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। जहां से परिजन उसे दिल्ली एक निजी अस्पताल में लेकर चले गए थे। पुलिस ने मामले में देवेंद्र के बयान पर गांव झरौठ निवासी नवीन उर्फ छोटा, गांव लहराड़ा निवासी बिरजू, हमील के भाई, गांधी, मंगत, बैंयापुर निवासी चिक्कू, नरेश के लड़के व दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, सामान्य अस्पताल में देर रात करीब डेढ़ बजे आरोपी गांव झरौठ निवासी नवीन उर्फ छोटा भी अस्पताल में पहुंचा। उसके हाथ में गोली लगी थी। नवीन उर्फ छोटा दूसरे पक्ष से हैं। उसने भी अस्पताल में हुई गोलीबारी में गोली लगने की बात कही है। उसे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हालांकि सिविल लाइन थाना पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस पीजीआई पहुंची तो वह वहां पर भर्ती नहीं मिला। इधर, मामले को गैंगवार से भी जोड़कर देखा जा रहा है। देवेंद्र उर्फ भुक्खा ने छह नामजद व अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया है कि उनकी पहले से ही रंजिश चली आ रही है। वहीं मामले में दूसरे पक्ष के नवीन को गोली लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इसे गैंगवार से जोड़कर भी जांच की जा रही है।
हत्या और अन्य मामलों में नामजद रहा है देवेंद्र
देर रात अस्पताल परिसर में हमलावरों की गोली का शिकार हुआ देवेंद्र उर्फ भुक्खा का आपराधिक रिकार्ड रहा है। उस पर हत्या सहित अन्य धाराओं में करीब पांच मामले दर्ज हुए थे। जिसमें से ज्यादातर में वह बरी हो चुका है। उस पर मई में लिवासपुर के शराब ठेेकेदार पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें उसे अक्तूबर माह में गिरफ्तार किया गया था। देवेंद्र दिसंबर माह में जमानत पर बाहर आया था। वहीं मामले में दूसरा घायल नवीन उर्फ छोटा हत्या के मामले में अक्तूबर माह में जेल से जमानत पर आया था।
पहले हत्या का शक जताया, फिर हादसे में मौत होना बताया
गांव लहराड़ा के पास देवेंद्र के भाई अनिल की मौत के मामले में भी सामान्य अस्पताल में पहुंचे लोगों ने हत्या का शक जताया। उनका आरोप था कि अनिल की बाइक को अज्ञात ने जान बूझकर टक्कर मारी और उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि बाद में अनिल के बेटे रवि के बयान पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ हादसे में मौत का मामला दर्ज किया है। मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी रमेशचंद्र ने बताया कि अनिल की हादसे में मौत की शिकायत मिली है। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है।