दो साथियों का अपहरण कर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव गढ़ी सिसाना में दो साथियों को गली से जबरन उठाकर कमरे में बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में एक अन्य आरोपी को काबू किया गया है। गिरफ्तार आरोपी गांव गढ़ी सिसाना निवासी जसबीर उर्फ विक्की है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में तीन आरोपियों को काबू कर चुकी है।
गांव गढ़ी सिसाना निवासी संदीप ने 13 दिसंबर, 2017 को पुलिस को शिकायत दी थी कि 9 दिसंबर को उसके साथी उससे मिलने आए थे। वह गांव के अपने साथी अजीत के साथ उन्हें छोड़ने गया था तो गांव के ही छह लोगों प्रियवर्त, राकेश, सिंजू, जिले, शमशेर उर्फ ताल्ली व जसबीर ने उन्हें जबरन उठा लिया था। वह उनका अपहरण कर कृष्ण के कमरे में ले गए। वहां पर आरोपियों ने दोनों को बंधक बनाकर बुरी तरह से पीटा था। वह प्रियवर्त के चाचा बोतू के कत्ल में उन्हें जिम्मेदार ठहराकर मारपीट कर रहे थे। बाद में वह उन्हें अधमरा कर कमरे में ही बंद कर फरार हो गए थे। बाद में पुलिस को पता लगने पर दोनों को खरखौदा सीएचसी में भर्ती कराया था। यहां से उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया था। पुलिस ने छह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसमें से प्रियवर्त, शमशेर व राकेश को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस ने जसबीर उर्फ विक्की को काबू कर लिया है। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।
डेढ़ दशक पहले हुई थी बोतू की हत्या : गांव के बोतू की करीब डेढ़ दशक पहले हत्या कर दी गई थी। मामले में संदीप व अन्य का नाम सामने आया था। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हो सकी थी। संदीप का आरोप था कि प्रियवर्त का परिवार बोतू मामले में उनसे रंजिश रखता है। इसी के चलते उन पर हमला हुआ था।
---
दो साथियों का अपहरण कर मारपीट के मामले में एक अन्य आरोपी को काबू किया गया है। उसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
- अजय धनखड़, थाना प्रभारी, खरखौदा।