अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
जिले में बदमाश पूरी तरह से बेखौफ होते जा रहे है। आए दिन सामने आ रही लूट की वारदात तो शायद इसी तरफ इशारा कर रही है। महज एक माह के दौरान सोनीपत में लूट के 20 मामले सामने आ चुके हैं। मंगलवार रात भी बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल विक्रेता को गोली मारकर उससे 50 हजार की नकदी लूट ली और स्मॉग का फायदा उठाकर फरार हो गए। दुकानदार को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई हैं। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव पाबसरा निवासी धर्मबीर व उसका भाई कर्मबीर प्याऊ मनियारी में मोबाइल फोन की दुकान चलाते हैं। दोनों भाई मंगलवार रात अपनी दुकानें बंद कर बाइक पर सवार होकर घर की तरफ जा रहे थे। रात को घना स्मॉग होने के चलते वह धीरे-धीरे चल रहे थे। जब वह नाथूपुर मोड़ के पास पहुंचे तो इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रुकवा लिया। उनके बाइक रोकते ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसके भाई धर्मबीर के पेट में गोली मार दी। जिससे उसका भाई गिर गया। इसी बीच बदमाशों ने कर्मबीर की जेब से 50 हजार रुपये छीन लिए और स्मॉग का फायदा उठाकर भाग निकले।
कर्मबीर ने अपने भाई धर्मबीर को तुरंत नरेला के राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया। उसके भाई की हालत खराब होने के चलते वह उसे मैक्स अस्पताल में ले गया। जहां उसके भाई का ऑप्रेशन कराया गया। उसके बावजूद उसके भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कर्मबीर के बयान पर अज्ञात के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने में जुट गई है।
स्मॉग के कारण नहीं देख सके बदमाशों का चेहरा
मोबाइल विक्रेता को गोली मारने वाले बदमाशों ने घनी स्मॉग में वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित अंधेरा व स्मॉग होने के चलते बदमाशों का चेहरा भी नहीं देख सके। न ही उनकी बाइक के नंबर का पता लग सका। जिसके चलते पुलिस को उनका पता लगाने में मशक्कत करनी होगी।
एक माह में यह मामले आए सामने
-7 नवंबर को एटलस रोड पर पिस्टल दिखाकर एडिडास शोरूम में 18 हजार व जूते लूटे।
-4 नवंबर को ठरू के पास महिला से सोने का ओम लूटा।
-2 नवंबर को विवेकानंद स्कूल के पास महिला से पौने तीन लाख लूटे।
-31 अक्टूबर को धनाना के पास युवक से कार लूटी
-30 अक्टूबर को गंगाना गांव के पास युवक से साढ़े 16 हजार रुपये, मोबाइल, टैब व बायोमैट्रिक मशीन लूटी।
-30 अक्टूबर को ओल्ड डीसी रोड पर महिला से चेन लूटी।
-28 अक्टूबर को हाईवे पर युवक से कार व मोबाइल लूटा।
-27 अक्टूबर को देवडू रोड पर बदमाशों ने बैंक कर्मी को गोली मारकर 70 लाख लूट का प्रयास किया।
-26 अक्टूबर को कुंडली में युवक से जीप व नकदी लूटी।
-23 अक्टूबर को बढख़ालसा के पास युवक से 73 हजार रुपये लूटे।
-18 अक्टूबर को कैलाश कालोनी में महिला से चेन लूटी।
-17 अक्टूबर को अमेजन कंपनी का सामान लेकर जा रहे चालक से नाथूपुर के पास लाखों की लूट।
-17 अक्टूबर को सबौली के पास व्यापारी से 83 हजार लूटे।
-15 अक्टूबर को गन्नौर के चौखी ढाणी होटल के पास ज्वैलर्र्स से सोने व हीरे के आभूषण लूटे।
-15 अक्टूबर को युवक ने बीसवां मील के पास दस दिन पहले हुई नकदी व मोबाइल लूट का मामला दर्ज कराया।
-12 अक्टूबर को मोहाना के पास बदमाशों ने कार सवार से एक लाख 40 हजार रुपये व मोबाइल लूटा।
-11 अक्टूबर को रेलवे रोड से महिला की चेन लूटी।
-10 अक्टूबर को बारोटा के पास युवक से मोबाइल लूटा।
-10 अक्टूबर को सोहटी के पास युवक से 19 हजार व मोबाइल लूटा।
-8 अक्टूबर को सनपेड़ा के पास युवक से चेन लूटी।
पुलिस लगातार बदमाशों पर शिकंजा कस रही है। लूट की ज्यादातर वारदातों को सुलझा लिया गया है। अनसुलझे मामलों को भी जल्द सुलझा लिया जाएगा। पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है।
डीके भारद्वाज, एएसपी