हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे के गांव जवाहरा के एक व्यक्ति से उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 3.75 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। व्यक्ति का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसके बेटे को झांसे में लिया और बाद में दो बार में यह राशि ले ली। यही नहीं यूएसए भेजने के नाम पर उसे 10-12 दिन तक इंडोनेशिया में रखा और बाद में वापस भेज दिया। अब वह उनका फोन तक नहीं उठा रहा। व्यक्ति ने पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। इसको लेकर उसने गृह मंत्री अनिल विज को शिकायत दी। अब मंत्री विज के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने नामजद बाप-बेटे पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गृह मंत्री अनिल विज को दी शिकायत में गांव जवाहरा निवासी भीम सिंह ने बताया कि उसका बेटा बिट्टू मर्चेंट नेवी में नियुक्त है। वर्ष 2018 में उसकी पहचान झज्जर जिले के गांव भराई निवासी अमित छिल्लर नामक व्यक्ति से हुई, जिसने पानीपत में असंध रोड स्थित आर्य नगर में मोनडेज शीप मैनेजमेंट प्राईवेट लिमिटेड के नाम से कार्यालय खोला हुआ था।
आरोप है कि अमित ने बिट्टू को यूएसए भेजने के नाम पर बहला-फुसला लिया। अमित ने बिट्टू से कहा कि वह उसे यूएसए में मर्चेंट नेवी में अच्छे वेतन पर नौकरी लगवा देगा। इसके लिए अमित छिल्लर ने उससे उसके कागजात व 10 लाख रुपये की मांग की।
भीम सिंह के अनुसार, अमित ने सितंबर, 2018 में बिट्टू से कागजात लिए और आगामी कार्रवाई करने की बात कही। आरोप है कि उसके कुछ दिन बाद अमित ने बिट्टू को यूएसए के फर्जी पत्र दिए और बाद में कनाडा का फर्जी पत्र दे दिया। इस पर बिट्टू ने इसकी जानकारी उसे दी। भीम सिंह ने बताया कि अपने बेटे के कहे अनुसार उसने अमित के खाते में 65 हजार रुपये डलवा दिए।
उसके बाद अमित ने कहा कि वह बिट्टू की कनाडा की फ्लाइट करवा रहा है। इसके लिए उन्होंने उससे रुपये मांगे। इस पर उन्होंने उसे 3.10 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद अमित ने बिट्टू को अमेरिका या कनाडा भेजने की बात कही। इसके बाद उसने बिट्टू को इंडोनेशिया भेजा और वहां 10-12 दिन रखने के बाद वापस भेज दिया।
इसके बाद बिट्टू दिल्ली स्थित वीएफएस कार्यालय में गया तो वहां उसके पास मौजूद कागजातों को फर्जी बताया और वीजा देने से मना कर दिया। इस पर जब उन्होंने अमित से रुपये वापस देने की मांग की तो वह आनाकानी करने लगा। उसके पिता वजीर ने रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद उसने 10 मार्च, 2020 को उन्हें 3.75 लाख रुपये का चेक भरकर दिया और कहा कि वह उसे बैंक में न लगाएं।
उन्हें वह कुछ दिन बाद नकद रुपये दे देगा। काफी दिन इंतजार के बाद जब उन्होंने आरोपियों को फोन किया तो उन्होंने उठाना बंद कर दिया। इसको लेकर उन्होंने मुंडलाना पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस के कहने पर वजीर चौकी में पहुंचा और कुछ दिन बाद रुपये देने की बात कही। इसके बाद न उसने रुपये दिए और न उस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई की।
एक व्यक्ति ने उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत एएसपी कार्यालय की तरफ से मिली है। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। - इंस्पेक्टर विवेक मलिक, सदर थाना प्रभारी, गोहाना