अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। गांव तेवड़ी में अगस्त माह में हुई सुभाष की हत्या के मामले में जेल में बंद आरोपी के परिजन ने सुभाष के परिजनों पर समझौता करने का दबाव बनाते हुए मारने की धमकी दी है। पीड़ित पक्ष ने खुबडू पुलिस चौकी में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
तेवड़ी निवासी अनीता ने बताया कि उनका पड़ोसी सोनू उसके परिवार को धमकी देता था। इस पर उन्होंने 21 अगस्त को खुबडू पुलिस चौकी में मामले की शिकायत दी थी। पुलिस में शिकायत देने के बाद सोनू व उसका पिता महेंद्र अपने हाथों में फरसा और लाठी लेकर उनके घर घुस आए थे और उन पर हमला कर दिया था। जिसमें उसके पति सुभाष व ससुर जगदेव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसके पति की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। अब रविवार की रात आरोपी महेंद्र के पुत्र रमेश ने उनके घर आकर समझौता करने का दबाव बनाया है। उसने जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। खुबडू पुलिस चौकी प्रभारी रमेश ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।