अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
दिल्ली से इनोवा गाड़ी की बुकिंग कर लेकर आया एक युवक गांव गढ़ी हकीकत के पास चालक को गन दिखाकर गाड़ी लूट ले गया। चालक ने मामले की शिकायत मोहाना थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से जम्मू के राजौरी फिलहाल चिराग दिल्ली निवासी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि वह अपनी इनोवा गाड़ी को टैक्सी में चलाता है। वीरवार सुबह एक युवक दिल्ली से उसकी इनोवा गाड़ी को बुकिंग कर सोनीपत के लिए लेकर आया था। सोनीपत आने के बाद युवक ने कहा कि उसे अपनी बहन को गांव से लेकर आना है। जिसके चलते वह उसके साथ चल दिया। मोहम्मद शरीफ ने बताया कि जब वह गांव गढ़ी हकीकत बस अड्डे पर पहुंचे तो युवक ने पिस्टल निकालकर से काबू कर लिया। उसने उसे गाड़ी से नीचे उतार दिया और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गया। जिस पर वह किसी तरह मोहाना थाना पहुंचा और मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।