अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
हरियाणा एग्रो कर्मी सुसाइड मामले में परिजनों का रोष प्रदर्शन लगातार जारी है। परिजनों ने शुक्रवार को भी धरना जारी रखा और विधायक व मामले से जुड़े अन्य लोगों को भी नामजद करने की मांग की है। साथ ही मामले को लेकर सोमवार को मार्च प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया गया।
गांव मुरथल निवासी सुभाष (35) करनाल में हरियाणा एग्रो में परचेज इंचार्ज के पद पर थे। वह 20 मई को सोनीपत में पुरखास रोड पर आए थे। यहां पर उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। बाद में उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने मामले में असंध के विधायक पर आरोप लगाया था कि उनके नाम पर सात युवक सुभाष को प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर ही उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने मामले में सुभाष की पत्नी नीतू के बयान पर सुभाष के पास सिक्योरिटी एजेंसी की तरफ से कार्यरत सात युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में गुरजीत, सोमदत्त, रविदत्त, सुनील, कुलदीप, नरेश पाल व राजकुमार को नामजद किया था।
पुलिस गुरजीत व रविदत्त को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले को लेकर किसान मजदूर इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में सुभाष के परिजनों का मिनी सचिवालय के बाहर धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने विधायक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि पुलिस मामले में विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। परिजनों के साथ धरने पर बैठी सुभाष की पत्नी नीतू, मां व चाचा ने कहा कि आंतिल चौबीसी को साथ लेकर न्याय की लड़ाई लड़ी जाएगी। उचित कार्रवाई न होने के विरोध में सोमवार को शहर भर में मार्च निकाला जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को साथ जोड़ कर न्याय के लिए संघर्ष किया जाएगा।
फोटो : 09 : मिनी सचिवालय के बाहर धरना देते सुभाष के परिजन।