कार का शीशा तोड़ नगदी और टेलीफोन चार्जर उड़ाए
समालखा। शहर में छीना-झपटी, चोरी करने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। वीरवार देर शाम सर्विस लेन पर बंसल धर्म कांटे के सामने खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर हजारों रुपये और करीब साठ हजार रुपये के टेलीफोन चार्जर चोरी कर लिए गए। दिल्ली निवासी कार मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। शिकायत में अनिल गुप्ता निवासी गीता कॉलोनी, दिल्ली ने बताया कि उसने अपनी कार बंसल धर्म कांटा के सामने खड़ी कर अंदर किसी काम से गया था। करीब बीस मिनट बाद बाहर आने पर उसने देखा कि कार की पिछली खिड़की का शीशा टूटा हुआ है और एक बैग और ब्रीफकेस गायब है। आसपास तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। चोरी हुए सामान में करीब सात हजार रुपये की नकदी, पचास-साठ हजार की कीमत के टेलीफोन चार्जर सहित जरूरी कागजात थे। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। चौकी इंचार्ज अतर सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैै।