जालसाज ने बैंक खाते से एटीएम के जरिये 20 हजार निकाले
कुंडली। एक फैक्टरी में कार्यरत व्यक्ति के बैंक खाते से एटीएम के जरिये 20 हजार रुपये निकालने का मामले सामने आया है। व्यक्ति का एटीएम कार्ड उसके पास होने के बावजूद खाते से एटीएम द्वारा नकदी निकाली गई है। नकदी गुरुग्राम स्थित एटीएम से निकली है। आरोप है कि एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर नकदी निकाली गई है। व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से बिहार के जिला भागलपुर फिलहाल कुंडली निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में रहता है। उसने बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर दो बजे उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि खाते से 20 हजार निकाले गए हैं। उसने बताया कि उसका एटीएम कार्ड जेब में होने के बाद भी उसके खाते से पैसे निकाल लिए गए। सुरेंद्र ने मामले की शिकायत कुंडली थाना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी से चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस खाते से पैसे निकालने वालों का पता लगा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता लगा कि सुरेंद्र के खाते से नकदी गुरुग्राम स्थित एटीएम से निकाली गई है। जिस पर पुलिस ने गुरुग्राम स्थित एटीएम से नकदी निकालने वाले युवक की सीसीटीवी फुटेज लेने का प्रयास शुरू कर दिया है। जिससे नकदी निकालने वाले का पता लग सके। सुरेंद्र ने शक जताया है कि एटीएम कार्ड जेब में होने के चलते उसके खाते से नकदी निकाली गई है। नकदी निकालने में एटीएम कार्ड का प्रयोग किया गया है। जिससे साफ है कि उसके एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर नकदी को निकाला गया है।
पुलिस क्लोन तैयार करने वाले गिरोह का कर चुकी है भंडाफोड़
एटीएम कार्ड के क्लोन तैयार किए जाने का भंडाफोड़ सोनीपत पुलिस ने ही किया था। तब पता लगा था कि एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर उससे नकदी निकाली जा सकती है। तब पुलिस ने लोगों को चिप वाले एटीएम कार्ड ही प्रयोग करने की सलाह भी दी थी। कुंडली पुलिस पता लगाएगी कि पीड़ित सुरेंद्र ने अपने एटीएम कार्ड का कहां-कहां प्रयोग किया है। जिसके बाद ही क्लोन तैयार करने के वालों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के खाते से नकदी निकाली गई है। उसका एटीएम कार्ड उसके पास है। ऐसे में अंदेशा है कि एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर नकदी को निकाला गया है। पुलिस गुरुग्राम स्थित एटीएम से नकदी निकालने वाले की फुटेज लेने के साथ ही पता लगाएगी कि व्यक्ति ने एटीएम कार्ड का प्रयोग कहां किया था। जिससे ठगी करने वाले तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
देवेंद्र कुमार, जांच अधिकारी, थाना कुंडली।