एचडीएफसी बैंक के उप प्रबंधक पर लोहे की राड से हमला
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। गांव पिपली खेड़ा के निकट ईको वैन सवार चार युवकों ने एचडीएफसी बैंक की सनपेड़ा शाखा के उप प्रबंधक की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद युवकों ने लोहे की रॉड से उप प्रबंधक की पिटाई कर दी। पिटाई करने के बाद चारों युवक उसे पास के गेहूं के खेत में फेंक कर भाग गए। उप प्रबंधक ने बैंक मैनेजर को अवगत कराया। जिस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
गांव भिगान निवासी धीरेंद्र त्यागी ने बताया कि वह सनपेड़ा एचडीएफसी बैंक में बतौर उप प्रबंधक कार्यरत है। 21 फरवरी की शाम वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर बैंक से अपने गांव वापस लौट रहा था। जब वह सनपेड़ा से पिपली खेड़ा गांव की तरफ पहुंचा तो पीछे आ रही ईको वैन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया। उसने विरोध जताया तो इसी दौरान ईको वैन सवार चार युवक उसके पास पहुंचे। उनमें दो लोहे की रॉड लिए थे। उन्होंने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद चारों युवक उसे पास के गेहूं के खेत में फेंक कर वहां से फरार हो गए। उप प्रबधंक ने किसी तरह मामले की सूचना अपने परिजनों व बैंक प्रबंधक आशीष को दी। जिसके बाद बैंक प्रबंधक आशीष मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए गन्नौर के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। बैंक उपप्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।