रोहतक-गोहाना हाईवे जाम करने वाले माहरा के 50 ग्रामीणों पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। रोहतक-गोहाना नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात को गांव माहरा के सामने हुए सड़क हादसे में रिश्ते में चाचा-भतीजे की मौत के बाद ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। पुलिस ने जाम लगाने में 11 नामजद और 39 अन्य अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। भैंसवान चौकी प्रभारी के बयान पर दर्ज हुए केस के बाद ग्रामीणों में खलबली मची है। उधर पुलिस ने आरोपी ईको वैन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया।
विदित रहे कि हरियाणा रोडवेज में परिचालक गांव माहरा निवासी सुनील (35) मंगलवार देर शाम ड्यूटी से आने के बाद घूमने के लिए खेतों की तरफ गया था। उसके साथ गांव का ही अरविंद (20) भी घूमने गया था। रात को बाते हुए गांव के सामने सड़क पार करने के दौरान ईको वैन ने दोनों को कुचल दिया था। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। जिसके बाद ईको वैन चालक मौके से फरार हो गया था। हादसे से गुस्साए युवकों के परिजनों व ग्रामीणों ने बुधवार को गांव के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया था। जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई थी। मामले में भैंसवान चौकी प्रभारी चांद सिंह के बयान पर पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ रोड जाम का मामला दर्ज किया है। मामले में ग्रामीण रामदिया, राजबीर, कालू, संजीत, साहिल, रामू, संदीप, धर्मेंद, रविंद्र, लोकेश उर्फ गुगी, साहिल उर्फ सिगंर को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
उधर, गांव माहरा के पास दो युवकों को कुचलने के मामले में पुलिस ने आरोपी ईको वैन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी रोहतक के गांव खिड़वाली का रहने वाला राजकुमार उर्फ राजू है। जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि चालक राजकुमार को गांव रुखी के बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां उसे जमानत मिल गई।
--
हाईवे जाम करने के मामले में करीब 50 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जाम लगाना किसी समस्या का समाधान नहीं है। साथ ही मामले में ईको वैन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
चांद सिंह, चौकी प्रभारी भैंसवान।