अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक किराएदार अपने मकान मालिक पर हमला कर कार, नकदी और मोबाइल फोन लूट ले गया। घायल मकान मालिक का अस्पताल में उपचार करवाया गया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने बताया कि उनके मकान में पंजाब के जालंधर के गांव सलाला का रहने वाला गगनदीप किराए पर रहता है। वह ट्रेवल एजेंट है। उसने बताया कि शनिवार को गगनदीप उसके पास आया और उसके साथ कहासुनी करने लगा। इस पर उसने उसे शांत रहने को कहा तो वह भड़क गया। विजय का आरोप है कि गगनदीप ने उसके साथ मारपीट की और उसने उसका पर्स व मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं उससे उसकी आई-20 कार की चाबी भी छीन ली। आरोपी मारपीट कर उसकी कार लेकर फरार हो गया। उसने मामले से सिविल लाइन थाना की सेक्टर-15 चौकी पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच के बाद गगनदीप के खिलाफ मारपीट कर लूटपाट करने का मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मारपीट कर कार, नकदी व मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। मकान मालिक ने अपने किराएदार पर ही आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उसे जल्द काबू किया जाएगा।
-कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी, सेक्टर-15 पुलिस चौकी।