अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
कुंडली स्थित मैगवाई कंपनी के पूर्व एचआर मैनेजर पर कंपनी प्रबंधन की तरफ से अमानत में खयानत और कंपनी की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं आरोपी पर उसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मैगपाई इंटरनेशनल लिमिटेड के निदेशक सुरेश कुमार जैन ने बताया कि उनकी कंपनी में दिल्ली के पश्चिमी विहार का रहने वाला विनोद बिष्ट एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उन्हें पहले ही नौकरी से निकाल दिया गया था। वह नौकरी से निकाले जाने के दौरान कंपनी का लैपटॉप चोरी कर ले गया था। इतना ही नहीं आरोपी ने कंपनी के लैपटॉप पर एक जाली आईडी बनाकर कंपनी के उपभोक्ताओं के पास ई-मेल कर दिया, जिसमें आरोपी ने लिखा है कि मैगपाई कंपनी में बर्तनों के अंदर मिलावट की जाती है। जब उन्हें इसका पता लगा तो उन्होंने विनोद बिष्ट से इस बारे में बातचीत की। इस पर उसने उन्हें ही जान से मारने की धमकी दी। इस पर उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
मैगपाई कंपनी के निदेशक की तरफ से पूर्व एचआर मैनेजर के खिलाफ शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी को काबू किया जाएगा।
-योगेंद्र, जांच अधिकारी कुंडली थाना।