मुंह बोली बहन की बेटी से दुष्कर्म करने का आरोपी काबू, साथी ने भी किया था दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की को बहकाकर ले जाने के बाद उससे तीन माह तक दुष्कर्म करने व साथी से दुष्कर्म कराने के आरोपी को पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के साथी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। लड़की आरोपी की मुंह बोली बहन की बेटी है। मामले को लेकर 9 जुलाई को 17 साल की किशोरी ने सिटी थाना में शिकायत दी थी कि उनके घर सतीश नाम के युवक का आना जाना था। आरोपी उसकी मां को अपनी मुंह बोली बहन मानता था। लड़की ने बताया था कि आरोपी करीब तीन माह पहले उसे बहकाकर उनके घर से ले आया था। आरोपी ने उसे सिटी थाना क्षेत्र में किराए पर लिए गए कमरे में रखा और उससे जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। बाद में लड़की ने बताया था कि आरोपी की शह पर उसके साथी ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई सरिता की टीम ने आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपी के साथी की तलाश में दबिश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
---
लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बयान दर्ज कराने के दौरान पता लगा कि उससे एक अन्य युवक ने भी दुराचार किया है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- राजपाल, थाना प्रभारी सिटी सोनीपत।