चालक को बंधक बनाकर डंपर व मोबाइल ले गए लुटेरे
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा/सोनीपत। गांव मडौरा के पास से चालक को बंधक बनाकर स्विफ्ट कार सवार चार लुटेरे डंपर व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लुटेरों ने चालक को अपनी कार में बंधक बनाने के बाद राठधना के पास उतार दिया और फरार हो गए। पुलिस ने चालक के बयान पर लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से झारखंड के जिला हजारीबाग के गांव मगरमु निवासी अनिल रविदास ने बताया कि वह हाइवा डंपर पर चालक है। वीरवार रात करीब डेढ़ बजे वह मंडौरा से मिट्टी लेकर मंडौरी गांव में डालने जा रहा था। जब वह मंडौरी गांव के पास पहुंचा तो स्पीड ब्रेकर पर उसने डंपर की गति को धीमा कर दिया। इसी बीच स्विफ्ट कार सवार चार युवक उसके पास आए और उसके डंपर को रुकवा लिया। उसके डंपर के रोकते ही एक युवक ने कहा कि मिट्टी उठाने के लिए अनुमति ले रखी है। जिस पर उसने डंपर मालिक के पास अनुमति होने की बात कही। इस पर उन्होंने उसे जबरन डंपर से नीचे उतार लिया। उन्होंने डरा-धमकाकर उसे अपनी कार में बैठा लिया। जिस पर एक युवक डंपर लेकर चलने लगा। तीन अन्य कार में सवार हो गए। वह उसे गांव राठधना के पास कार से उतारकर उसका डंपर व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। उसने राहगीर से मोबाइल लेकर मामले से डंपर मालिक को अवगत कराया। जिस पर पुलिस को शिकायत दी गई। खरखौदा थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।