अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। शहर में जींद मार्ग स्थित शराब के ठेके पर कार्यरत एक सेल्समैन को बाइक सवार तीन हमलावरों ने सोमवार देर रात गोली मार दी। हमलावरों ने पहले सेल्समैन की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और बाद में उसके मुंह में पिस्टल घुसाकर गोली मारी। गोली सिर के पिछले हिस्से से बाहर निकल गई। सेल्समैन को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया हैं, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जींद के गांव मुवाना निवासी रामनिवास और सुरेंद्र शहर में जींद मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास शराब के ठेके पर सेल्समैन हैं। दोनों सोमवार रात को करीब दस बजे ठेके के काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक सवार होकर आए। युवकों ने आते ही रामनिवास की आंखों में मिर्च का पाउडर फेंक दिया। इससे पहले दोनों सेल्समैन कुछ समझ पाते या संभल पाते एक युवक ने पिस्तौल निकाल कर रामनिवास के मुंह में घुसाकर गोली मार दी। गोली सिर के पिछले हिस्से से निकल गई। रामनिवास फर्श पर गिर पड़ा। गोली चलते ही सुरेंद्र डर गया और काउंटर की आड़ में छिप गया। बदमाश घटना को अंजाम देकर बाइक लेकर फरार हो गए। रामनिवास को गंभीर हालत में गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सुरेंद्र ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जांच शुरू कर दी है। रामनिवास की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के समय ठेका में था कैश
बदमाशों ने जिस ठेके में सेल्समैन को गोली मारी उसमें घटना के समय करीब एक लाख रुपये कैश था। कैश गल्ले में रखा हुआ था। हमलावर रामनिवास को गोली मारकर फरार हो गए, जबकि वह कैश नहीं ले गए। ऐसे में वारदात रंजिश से भी जोड़कर देखी जा रही है।
वर्जन
तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से एक खाली खोल भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में घटना रंजिशन लग रही है। जल्द हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कुलदीप देशवाल, प्रभारी, शहर थाना