चचेरे भाई की हत्या करने वाला गिरफ्तार, कस्सी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। गांव बुटाना से बरोदा की तरफ जाने वाले मार्ग पर खेत से लौट रहे युवक की कस्सी से हमला कर हत्या करने के आरोपी चचेरे भाई सुभाष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात पर इस्तेमाल कस्सी को बरामद कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गांव बुटाना खेतलान निवासी सुनील (27) अपने भाई रणबीर के साथ बरोदा रोड स्थित अपने खेत में गया था। सुनील और उसका भाई दोपहर को खेत से घर लौट रहे थे। इसी बीच सुनील के चचेरे भाई राजकुमार व सुभाष ने उस पर हमला कर दिया था। उन्होंने ग्रामीण राजकरण के खेत के पास सुनील के नाक व बाद में सिर पर कस्सी से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने रणबीर के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। रणबीर ने पुलिस को बताया था कि उसका भाई सुनील शराब पीने का आदी था। करीब तीन माह पहले उसने शराब पीकर राजकुमार व सुभाष से कहासुनी कर दी थी। जिसकी रंजिश में उसके भाई की हत्या कर दी गई। मामले में कार्रवाई करते हुए बरोदा थाना प्रभारी वीरभान व बुटाना चौकी प्रभारी सतीश की टीम ने आरोपी सुभाष को गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
खेत से लौट रहे युवक पर कस्सी से हमला कर हत्या करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर कस्सी को बरामद कर लिया गया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
- एएसआई सतीश कुमार, चौकी प्रभारी बुटाना चौकी।