चीन का नागरिक 30 लाख की भारतीय करेंसी संग पकड़ा
दिल्ली से पीछा करते हुए ईडी व आईबी की टीम ने मुरथल में पकड़ा
बड़ी की फैक्टरी में पार्टनर बता रहा, ईडी व आईबी कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
मुरथल। नेशनल हाईवे एक पर टोल प्लाजा के पास चीन के नागरिक को 30 लाख रुपये की भारतीय करेंसी के साथ पकड़ा गया है। उसका ईडी व आईबी की टीम दिल्ली से पीछा कर रही थी। वह खुद को बड़ी स्थित एक फैक्टरी में पार्टनर बता रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि वह इतनी रकम किस जगह से लेकर आया है, जिसके बारे में वह सही जानकारी नहीं दे पा रहा है।
दिल्ली में आईबी व ईडी की टीम को सूचना मिली थी कि चीन का नागरिक हान किंग गाओ भारी मात्रा में भारतीय करेंसी लेकर सोनीपत की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर दिल्ली से आईबी व ईडी की टीमें उसका पीछा करने लगीं। टीम ने मुरथल में टोल प्लाजा के पास से चीन के नागरिक को पकड़ लिया और उसे मुरथल थाना में लेकर पहुंचे। पुलिस के अनुसार चीन के नागरिक से 30 लाख रुपये की भारतीय करेंसी बरामद की गई है। उसने अभी तक बताया है कि वह बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में एक कंपनी में वह पार्टनर है और उस कंपनी के काम के लिए ही रुपये लेकर आ रहा था। वह रुपये किस जगह से लेकर आ रहा था और उसे उन रुपयों से क्या करना था। इस बारे में वह सही जानकारी नहीं दे पाया है। इस कारण ही ईडी व आईबी की टीम उसे लेकर बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में जांच के लिए गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि यह 30 लाख रुपया हवाला के सहारे तो यहां नहीं लाया गया। मुरथल थाना पुलिस के एसआई कुलदीप कुमार का कहना है कि वह रुपया सही भी मिलता है तो उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी और उसकी पूरी जांच करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।