ससुर और देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली महिला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए उसके ससुर व देवर ने उससे दुष्कर्म तक का प्रयास किया है। उससे मारपीट की गई। जिसके चलते वह लंबे समय से अपने मायके में रह रही है। अब उसने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
खरखौदा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी जींद के गांव में वर्ष 2009 में हुई थी। शादी के बाद से ही कम दहेज लाने के नाम पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उससे बाइक व दो लाख रुपये की मांग की गई। मायके वालों को जब उसने यह बताया तो उन्होंने एक लाख रुपये दे भी दिए थे। कुछ दिन ठीक रहने के बाद उसके साथ फिर से मारपीट की जाने लगी। उसे घर से निकाल दिया गया। ऐसे में उसने अपने मायके में ही बच्चे को जन्म दिया। बाद में पंचायत में गलती मानने पर उसका पति उसे ससुराल ले गया। ससुराल जाने पर उसके साथ फिर से मारपीट की गई। इतना ही नहीं उसके देवर ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसने जब इसके बारे में पति व सास को बताया तो उन्होंने उसे ही मुंह बंद रखने की धमकी दे दी। साथ ही उसे व उसके भाई को मारने की धमकी दी। कुछ दिन बाद उसके ससुर ने उसे अकेला पाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसने शोर मचाया तो वह भाग गया। विरोध जताने पर पति व सास ने मारपीट की। ऐसे में वर्ष 2014 से वह मायके में ही रह रही है। शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।