नाले में मिला व्यक्ति का शव
सोनीपत। शहर के कामी रोड स्थित हनुमान नगर के पास नाले में सुबह एक व्यक्ति का शव पड़ा देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची ओल्ड चौकी पुलिस ने शव को नाले से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविवार सुबह हनुमान नगर के पास लोगों ने नाले में एक शव पड़ा देखा। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। ओल्ड चौकी पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। व्यक्ति की पहचान ऋषि कालोनी निवासी सुभाष (50) के रूप में हुई। सुभाष शनिवार को घर से निकला था। इसके बाद से वापस नहीं लौटा। चौकी प्रभारी जसमेर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब पीने की बात सामने आई है। जिससे लगता है कि नशे की हालत में वह नाले में गिर गया। शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।