पैसों के लेनदेन से तंग युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। शहर के महम रोड पर गुढ़ा फाटक के पास पानीपत से रोहतक जा रही ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक का पैसों का लेनदेन था, जिसके चलते वह परेशान बताया गया है। सूचना मिलने के बाद पहुंची रोहतक जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से गांव लाठ फिलहाल रोहतक रोड स्थित चोपड़ा कालोनी निवासी अरुण (25) ने मंगलवार देर शाम ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रोहतक राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। अरुण के छोटे भाई वरुण ने रेलवे पुलिस को बताया कि उसके भाई ने गोहाना निवासी एक युवक से पैसे ले रखे थे और साथ ही एक युवक को उसके पैसे देने थे। लेनदार उसके भाई पर लगातार दबाव बना रहा था। मंगलवार को भी लेनदार ने उनके घर आकर जल्द पैसे देने को कहा था। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर मारने की धमकी भी दी गई। जिसके बाद उसका भाई घर से निकल गया था। उसने देर शाम आत्महत्या कर ली। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता था। अरुण के पीछे पत्नी व चार साल का बेटा रह गया है।
---
युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। परिजनों ने युवक के पैसों के लेनदेन में परेशान होने की बात कही है। हालांकि लिखित में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत आएगी तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
स्नोहीराज, जांच अधिकारी जीआरपी रोहतक।