जिला कारागार में तलाशी के दौरान बंदी पर मिला मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। जिला कारागार में बंदी के पास से फिर एक मोबाइल फोन मिला है। बुधवार सुबह चलाए गए सर्च अभियान के दौरान बंदी के पास मोबाइल फोन बरामद किया गया। बंदी तलाशी में बैरक से कंबल ओढ़कर बाहर निकला तो शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई थी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बुधवार सुबह जिला कारागार में सर्च अभियान चलाया गया था। इस दौरान बैरक नंबर-16 से बंदी सोनू कंबल ओढ़कर बाहर निकला। जिस पर टीम को उस पर शक हो गया। टीम ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। टीम ने मामले की सूचना कारागार अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे जेल उप अधीक्षक रामचंद्र ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे मे लिया। फिलहाल कोर्ट कांप्लेक्स चौकी पुलिस ने बंदी सोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही पता लगाया जाएगा कि मोबाइल से किस नंबर पर बातचीत हुई है। सोनू को सेक्टर क्षेत्र में हत्या के मामले में वर्ष 2017 में गिरफ्तार किया गया था।
--
कारागार में बंदी के पास से मोबाइल फोन मिलने की सूचना मिली थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा। जिसके बाद पता लगाया जाएगा कि वह किससे बातचीत करता था। साथ ही वह मोबाइल को कारागार में किस तरह लेकर आया था।
फूलकंवार, चौकी प्रभारी कोर्ट काम्पेक्स।