सोनीपत। गोहाना बाईपास स्थित शास्त्री कालोनीड के रहने वाले युवक के बैंक खाते से 49 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। युवक के खाते से राशि पांच बार में निकाली गई है। पीड़ित ने अपने बैंक खाता नंबर पर घटना से एक दिन पहले ही एटीएम कार्ड जारी कराया था। उसके खाते से नकदी दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एटीएम से निकाली गई है। पुलिस ने अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
शास्त्री कालोनी निवासी अमन ने पुलिस को बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक की शंभूदयाल स्कूल शाखा में खाता है। वह दिल्ली में कोचिंग लेता है। उसने अपने बैंक खाता नंबर पर 29 जून को ही एटीएम कार्ड जारी कराया था। जिसके बाद एटीएम चालू होने पर उसने 30 जून की शाम को अपने खाते से 50 हजार 500 रुपये की नकदी निकलवाई थी। उसके बाद वह घर आ गया। अमन ने बताया कि 30 जून की रात को ही साढ़े 11 से पौने 12 बजे के बीच उसके मोबाइल नंबर पर पांच मैसेज आए। जिससे उसे पता लगा कि उसके खाते से 49 हजार रुपये निकाले गए हैं। जिससे उसने अपने ग्राहक सेवा केंद्र में फोन कर अपने एटीएम कार्ड को बंद करा दिया। अमन ने बताया कि वह पहली जुलाई को बैंक में गया और मैनेजर को इस बारे में अवगत कराया। उन्होंने उसके खाते की जानकारी की जांच करने के बाद बताया कि खाते से नकदी दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एटीएम से निकाली गई है। जिस पर उसने मामले की शिकायत सिटी थाना की गोहाना रोड चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शक है कि उसके एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर नकदी निकाली गई है।
युवक ने उसके खाते से 49 हजार रुपये निकालने की शिकायत दी है। जिस दिन खाते से पैसे निकाले गए उसके एक दिन पहले ही उसे एटीएम कार्ड लिया था। मामला दर्ज कर लिया है। पैसे निकालने वाले का पता लगाया जा रहा है।
संदीप कुमार, जांच अधिकारी, गोहाना रोड चौकी।