कुंडली (सोनीपत)। कुंडली-जांटी मार्ग पर एल-13 शराब गोदाम से कारिंदे का अपहरण कर गन प्वाइंट पर 25.15 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कया है। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से गांव पांची जाटान फिलहाल खेवड़ा का कपिल उर्फ जोनी व गांव खेवड़ा का रहने वाला प्रवीन उर्फ बोबी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। दोनों आरोपी एल-13 पर काम कर चुके हैं। मामले में एक आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद मुख्य आरोपी दबोचे गए।
विदित रहे कि गांव बढ़खालसा निवासी मदन सिंह ने 9 फरवरी को पुलिस को बताया था कि उसने कुंडली में जांटी रोड पर एल-13 शराब का गोदाम है। यहां से आसपास के ठेकों पर शराब सप्लाई की जाती है और कैश एकत्रित किया जाता है। 8 फरवरी की रात को मदन गोदाम के अंदर बने कमरे में सो रहा था। वहीं गोदाम के गेट के पास बने कमरे में कैशियर यूपी के जिला मैनपुरी के गांव नंगला का रहने वाला भगत सिंह व एक अन्य मौजूद थे। रात करीब डेढ़ बजे क्रेटा गाड़ी सवार चार युवक गोदाम पर पहुंचे। उन्होंने नेपाल निवासी गोलू से दरवाजा खुलवाया था और उसे गाड़ी में बैठा लिया था। बाद में गन प्वाइंट पर कैशियर भगत सिंह व एक से पांच लाख रुपये की नकदी लूट ली थी। बाद में उनके कमरे का बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था। साथ ही कैश रखने वाले कमरे में आकर वहां से करीब 20 लाख 15 हजार रुपये की नकदी लूट ले गए थे। वह कारिंदे गोलू को बंधक बनाकर ले गए थे और उसे किलोमीटर दूर छोड़ा था। मामले में कार्रवाई करते हुए कुंडली थाना क्षेत्र से खेड़ी दमकन निवासी शिव को पुलिस ने तमंचे सहित गिरफ्तार किया था। उसने ही पुलिस को बताया कि उसके मौसेरे भाई कपिल उर्फ जोनी ने साथियों के साथ मिलकर शराब गोदाम पर लूटपाट की थी। जिस पर एसआई देवेंद्र सिंह की टीम ने कपिल व उसके साथी प्रवीन को कुंडली बार्डर से गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
शराब गोदाम में काम करने वाले दो कारिंदों ने कराई लूट
गिरफ्तार आरोपी प्रवीन व कपिल शराब गोदाम पर ही काम करते थे। कपिल ने वारदात से करीब चार माह पहले काम छोड़ दिया था। वह प्रवीन के गांव में ही रहता था। उसने गोदाम पर कार्यरत प्रवीन के साथ मिलकर लूट का षड्यंत्र रचा था। कपिल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रैकी कराई और अपने मौसेरे भाई शिव को भी साथ में मिला लिया था। इतना ही नहीं जिस रात लूट की वारदात हुई उस रात प्रवीन गोदाम पर काम कर रहा था। उसने लूटपाट की वारदात के 10 दिन बाद काम छोड़ दिया था।
हरिद्वार-देहरादून में छिपाई नकदी
पुलिस का कहना है कि आरोपी लूटपाट कर हरिद्वार व देहरादून भाग गए थे। वहां पर उन्होंने लूट की अपने हिस्से की नकदी छिपा रखी है। जिसके चलते उनका दो दिन का रिमांड लिया गया है। उनके साथियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।