महिला अधिवक्ता का फोन छीनने के दो आरोपी काबू
गोहाना। शहर के बरोदा रोड पर महिला अधिवक्ता का फोन छीनने के दो आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गांव लकथूरा निवासी अधिवक्ता मीना चौधरी ने 17 मई को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह किसी काम से बरोदा रोड पर आई थी। मीना ने पुलिस को बताया था कि वह जब पैदल ही अपनी गाड़ी की तरफ जा रही थी तो अचानक बाइक पर आए दो युवक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए सिटी गोहाना थाना पुलिस ने आरोपी गांव महमूदपुर निवासी साहिल व राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।