अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। शहर के गोहाना रोड स्थित बड़वासनी मोड़ पर बाइक सवार होमगार्ड के जवान को ट्रक ने कुचल दिया। चालक विपरीत दिशा से आ रहा था। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव हुल्लाहेड़ी निवासी संदीप होमगार्ड में जवान था और कुंडली में तैनात था। वह मंगलवार रात को ड्यूटी खत्म कर अपने घर जा रहा था। गोहाना बाइपास पर संदीप को उसके चाचा का लडक़ा मनोज भी मिल गया। दोनों अलग-अलग बाइक पर अपने गांव की तरफ चल दिए। बड़वासनी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने संदीप को कुचल दिया। हादसे में वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पीछे चल रहे मनोज ने अपने भाई को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।