अब एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर चोरी की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर में बस स्टैंड के बाहर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर चोरों ने रुपये निकालने का प्रयास किया। उन्होंने मशीन को तो तोड़ दिया, लेकिन नकदी नहीं निकाल सके। कैश डालने वाली कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिवने चोरी की कोशिश का केस दर्ज कराया है। चोर एक्सिस बैंक के एटीम मशीन को लगातार निशाना बना रहे हैं। सवा महीने में यह चौथी एटीएम मशीन है, जिसे चोरों ने निशाना बनाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं।
एजीएस ट्रांसेक्ट टेक लिमिटेड कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव योगेश कुमार ने गीता भवन चौकी पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी बैंकों के एटीएम में राशि डालती है। बस स्टैंड के बाहर एक्सिस बैंक के एटीएम में उनकी कंपनी पैसे डालती है। चोरों ने वीरवार रात को बैंक के एटीएम को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने एटीएम मशीन को तोड़कर नकदी चोरी का प्रयास किया, हालांकि चोर नकदी नहीं निकाल सके। कंपनी कर्मियों ने नकदी एटीएम से निकालकर बैंक में जमा करा दी है। गीता भवन चौकी पुलिस ने चोरी की कोशिश का मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर जांच करेगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ मशीन में लगे सीसीटीवी की फुटेज मांगी गई है। संबंधित कंपनी के अधिकारियों ने जल्द फुटेज मुहैया कराने की बात कही है। फुटेज मिलने के बाद ही चोरों के बारे में पुलिस को ठोस सुराग मिल सकते हैं।
सवा महीने में चौथे एटीएम को बनाया निशाना
एक्सिस बैंक के एटीएम लगातार चोरों के निशाने पर हैं। गोहाना रोड पर तीन एटीएम को निशाना बनाया गया था। जिसमें दो एटीएम एक ही स्थान पर रखे थे। चोर 8 अक्तूबर को पुलिस लाइन परिसर में गेट के पास दो एटीएम तोड़कर चोर पांच लाख रुपये चोरी कर ले गए थे। अभी तक वह मामला सुलझ नहीं पाया है। वहीं 18 अक्तूबर को गोहाना रोड पर नवीन वाटिका के पास एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर चोरी की कोशिश की थी।
सोनीपत में पहले भी हो चुकी एटीएम में चोरी की वारदात
सोनीपत में पहले भी एटीएम चोरी की वारदात को चुकी है। चोर वर्ष 2016 में गांव धतूरी स्थित एटीएम से 7 लाख 71 हजार रुपये ले गए थे। वर्ष 2016 में ही राई के पास पीएनबी का एटीएम ले जाने की कोशिश की थी। गोहाना के बुसाना गांव में कार्पोरेशन बैंक के एटीएम से करीब 13.75 लाख रुपये निकाले गए थे। बिधल गांव के ओबीसी बैंक के एटीएम से 1.16 लाख, निजामपुर गांव के ओबीसी एटीएम से 2.13 लाख और घड़वाल गांव के स्टेट बैंक आफ पटियाला के 5.86 लाख रुपये चोरी हो चुकी है।
वर्जन
एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के अधिकारी ने चोरी के प्रयास की शिकायत दी थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया। चोरों का पता लगाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सीसीटीवी की फुटेज भी मांगी गई है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
प्रेम प्रकाश, चौकी प्रभारी, गीता भवन सोनीपत।