दुकान में चाकू दिखा गल्ले से निकाले 20 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। कैलाना गांव में दो युवकों ने दुकान में घुसकर चाकू की नोंक पर गल्ले से 20 हजार रुपये निकाल लिए। जब दुकानदार के पिता व दादा ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो युवकों ने दुकानदार के पिता पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवा दिया। घायल ने मामले की शिकायत अब पुलिस को दी है।
शिकायत में गांव कैलाना निवासी हरिराम ने बताया कि उसके बेटे निखिल की गांव के अड्डे पर दुकान है। 5 अप्रैल को वह अपने पिता रणसिंह के साथ अपने बेटे की दुकान पर गया तो उन्होंने देखा कि दो युवकों ने उसके बेटे के गले पर चाकू लगा रखा था और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसने बीच बचाव किया तो युवकों ने उसके पिता रणसिंह को धक्का देकर गिरा दिया। जब निखिल अपने दादा को उठाने लगा तो इसी दौरान युवकों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। साथ ही उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गांव के ही आरोपी मोहित व राहुल की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।