अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
शहर थाना क्षेत्र में छात्र का अपहरण कर उसके परिजनों से पांच रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। रुपये न मिलने पर आरोपी ने छात्र को जहर खिलाकर सड़क पर फेंक दिया और मृत समझकर वहां से चले गए। होश आने पर युवक ने अपने साथी को मामले से अवगत कराया। जिस पर परिजनों को बुलवाया गया। छात्र को खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। छात्र का कसूर यह था कि आरोपी उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। पीड़ित ने विरोध किया था। इसी रंजिश में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
सोनीपत निवासी दसवीं कक्षा के छात्र का कहना है कि उसकी दादी रेहड़ी लगाती है। 4 नवबंर को वह अपनी दादी से मिलने के लिए घर से निकला था। जब वह भगवती मेडिकल स्टोर के पास पहुुंचा तो पीछे से किसी ने रूमाल मुंह पर रखकर उसे बेहोश कर दिया। जब उसे होश आया तो उसने अपने खुद को कमरे में बंद पाया। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। उसके प्रयास करने पर आंखों से पट्टी सरक गई। उसने सामने जगबीर नाम के युवक को खड़ा पाया। छात्र ने बताया कि जगबीर उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था, उसने इसका कई बार विरोध किया था। इसी रंजिश में उसका अपहरण किया गया। उसके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। उन्होंने शराब पीकर उसे घर फोन करके पांच लाख रुपये लाने की बात की।
साथ ही उसे बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद उसके मुंह में गोलियां डाल दीं। जिसके बाद वह उल्टियां करने लगा और बेहोश हो गया। उसे देर रात होश आया तो उसने अपने खुद को गोहाना रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास पाया। किसी तरह वह अपने दोस्त के घर पहुंचा और उसके परिजनों को अवगत कराया। उसके उसे परिजनों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद उसे महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी जगबीर व दो अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
छात्र को जहर खिलाकर सड़क पर फेंकने व पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने करने की शिकायत मिली है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी जल्द ही पुलिस की पकड़ में होंगे।
सुशील कुमार, जांच अधिकारी, सिटी थाना।