अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना(सोनीपत)।
बुटाना पुलिस चौकी से एक बंदी लघुशंका के बहाने हवालात से बाहर आया और हवलदार के साथ मारपीट कर चौकी से फरार हो गया। पुलिस ने बंदी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश आंरभ कर दी है। बुटाना चौकी पुलिस ने गांव सिवानका निवासी नरेंद्र को पत्नी को जहर से मारने के प्रयास में गिरफ्तार किया था। उसे बुटाना पुलिस चौकी में हथकड़ी लगाकर रखा गया था। सोमवार को गांव जागसी में हत्या होने की सूचना पाकर एएसआई जगबीर नरेंद्र को छोड़कर जागसी गांव चला गए तथा नरेंद्र की देखभाल के लिए हवलदार दलबीर की जिम्मेदारी लगा दी। कुछ देर बाद नरेंद्र ने हवलदार के सामने लघुशंका के लिए जाने की बात कही। उस समय हलवदार दलबीर खाना खा रहा था।
हवलदार उसे लघुशंका के लिए ले गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला तो हवलदार को शक हुआ। उसने देखा तो आरोपी नरेंद्र चौकी से भागने का प्रयास कर रहा था। उसने पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसके पेट पर प्रहार कर दिया तथा मारपीट कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की खेजबीन कर रही है।
जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी
आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वह हवलदार पर हमला कर फरार हुआ है। उसके बारे में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को गठन किया गया है।
वीरभान दहिया, बरोदा थाना प्रभारी।