बच्ची का शव शमशान से निकालकर कराया पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
मुरथल। गांव भिगान में करीब सवा माह की बच्ची की मौत के मामले में उसके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। जिस पर मुरथल थाना पुलिस ने शमशान घाट से बच्ची के शव को निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच को मधुबन भेजा गया है। बिसरा व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा। महिला भिगान गांव में अपने मायके आई थी।
बहादुरगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने मुरथल थाना पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी ने करीब सवा महीने पहले बच्ची को जन्म दिया था। व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी बच्ची को लेकर मायके गांव भिगान आई थी। 8 फरवरी को उसे बताया गया था कि बच्ची की मौत हो गई। बाद में उसकी बच्ची के शव को गांव भिगान के शमशान में दफना दिया गया था। व्यक्ति ने शक जताया कि उसकी बेटी को मारा गया है। जिस पर पुलिस ने बच्ची के शव को शमशान घाट से निकलाकर कर पोस्टमार्टम कराया है। शव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट गन्नौर के नायब तहसीलदार की निगरानी में निकाला गया। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बिसरा जांच को मधुबन भेजा है। पोस्टमार्टम व बिसरे की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बच्ची की मौत के मामले में पिता ने उसकी मौत के कारणों को लेकर संदेह जताया था। जिस पर पुलिस ने 176 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की है। बच्ची की पोस्टमार्टम व बिसरा रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अजमेर मलिक, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।