अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
गांव भठगांव में राशि दोगुना करने का लालच देकर लाखों की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। गांव के सैकड़ों लोग ठगी का शिकार हुए है। ग्रामीणों ने ठगी का आरोप गांव के व्यक्ति पर लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव भठगांव के ग्रामीणों ने थाना सदर पुलिस को गांव के एक व्यक्ति व केबीसीएल नाम की कंपनी के खिलाफ ठगी की शिकायत दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने गांव के सैकड़ों लोगों को राशि दोगुना करने का लालच लेकर लाखों रुपये की ठगी की है। गांव का ही एक व्यक्ति सत्यवान स्वयं को कंपनी का कर्मी बता कर गांव के लोगों के कंपनी में खाते खोलकर पैसे लेता रहा। ग्रामीण वर्ष 2010 से खातों में नकदी जमा करवा रहे हैं। अब जब ग्रामीण अपने पैसों की मांग की तो उन्हें महज आश्वासन दिया गया। एक साल से ग्रामीण पैसे के लिए चक्कर काट रहे है। लोगों का आरोप है कि अब कर्मचारी आत्महत्या की धमकी देकर उन्हें डर देता है। जिस पर उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी वीरेंद्र राव ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द इसका पटाक्षेप कर देगी।
राशि दोगुना करने के लालच में लाखों की ठगी, मामला दर्ज
केबीसीएल कंपनी के नाम पर की ठगी