अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
बिजली चोरों के खिलाफ निगम का अभियान लगातार जारी है। निगम की टीम ने बीसवां मील चौक के पास से कुंडी लगातार आरओ प्लांट चला रहे एक व्यक्ति को रंगे हाथ काबू किया है। उस पर चार लाख का जुर्माना किया गया है। जुर्माना अदा न करने पर उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा।
एसडीओ सब स्टेशन राई प्रदीप कुमार की टीम बिजली चोरों का पता लगाने के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान उन्होंने बीसवां मील में चल रहे आर प्लांट में कुंडी कनेक्शन लगातार बिजली चोरी किए जाने की जानकारी मिली। इस पर टीम ने तुरंत छापामार कार्रवाई कर दी। टीम ने आरओ प्लांट में कुंडी कनेक्शन को रंगे हाथ पकड़ लिया। निगम की टीम द्वारा आरओ प्लांट संचालक गांव बढ़मलिक निवासी राकेश पर जुर्माना किया गया है। एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि बिजली चोरी को किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम लगातार बिजली चोरी पकड़ने के लिए अभियान चला रही है और उन्हें लगातार सफलता भी मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह बिजली चोरों के बारे में उन्हें जानकारी दें, जिससे चोरी को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।