दो महिलाओं ने लगाया दहेज प्रताड़ना व अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो,
खरखौदा। अलग-अलग स्थानों की रहने वाली महिलाओं ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना व अन्य आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रथम घटना में महिला ने पुलिस का बताया कि उसकी शादी वर्ष 2010 में गोहाना में हुई थी। महिला ने आरोप लगाया कि शादी में उसके परिजनों ने हैसियत अनुसार दहेज दिया था। उसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उससे कार व छह लाख रुपये की डिमांड की जाने लगी। उसे बंधक बनाने के साथ ही उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। महिला का आरोप है कि उसके पति के किसी अन्य महिला से भी संबंध है। साथ ही महिला ने बताया कि उसकी नौकरी से मिले वेतन को भी पति ने हड़प लिया है। पुलिस ने पति व अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं एक मामले में खरखौदा शहर की रहने वाली महिला ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में फरीदाबाद में हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। उसे जहर पिलाने की भी कोशिश की गई। बाद में उसे बंधक बनाकर रखा गया। उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने छह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।