गन्नौर जीटी रोड पुलिस चौकी में घुसकर हंगामा करने और चौकी प्रभारी से हाथापाई करने के आरोप में अधिवक्ता और उसके बेटे के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज मामले के बाद वकीलों द्वारा वर्क सस्पेंड के दूसरे दिन डीएसपी सतीश कुमार व वकीलों के साथ हुई बैठक के बाद मामला निपट गया है। बार एसोसिएशन की बैठक में पहुंचे डीएसपी ने मामला रद्द करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद अधिवक्ता भी मान गए।
ज्ञात रहे कि मामले को लेकर गत मंगलवार को केस दर्ज किया गया था। शिकायत में जीटी रोड चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने शिकायत दी थी कि सोमवार रात को चौकी में घुसकर गांव बड़ी निवासी अधिवक्ता ओमप्रकाश व उनका पुत्र विनय तथा गांव छोटा थाना निवासी ललित और दो अन्य ने हंगामा किया उसके बाद कारण पूछने पर उन्होंने हाथापाई कर दी थी। उसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मामले को लेकर गन्नौर कोर्ट में बुधवार को वर्क सस्पेंड रखा गया था। बृहस्पतिवार को इसी मामले को लेकर गन्नौर बार एसोसिशन की फिर से बैठक हुई थी, जिसमें पहुंचे डीएसपी सतीश कुमार ने कहा कि अधिवक्ता पिता-पुत्र पर दर्ज मामला रद किया जाएगा जिसके बाद बार एसोसिएशन के सदस्य मान गए और अपने काम में जुट गए।