खरखौदा। पार्षदों ने वीरवार को नगर पालिका कार्यालय में एकत्रित होकर सचिव पर विकास कार्यों में अनदेखी करने, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं करने व जरूरी दस्तावेजों की मांग के बावजूद नहीं देने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सोमवार तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो 20 जनवरी को नपा कार्यालय में धरना देंगे।
पार्षद नवीन दहिया ने कहा कि नपा सचिव उन्हें शहर के विकास कार्यों की कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। सफाई के मामले में भ्रष्टाचार की बू आ रही है। ठेके पर 55 सफाई कर्मी हैं लेकिन काम 25 ही कर रहे हैं। वह लिखित में मांग कर चुके हैं लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं बताया जा रहा है।
उन्होंने आरटीआई का भी जवाब नहीं मिल रहा है। पार्षदों ने हाउस की बैठक नहीं कराने का आरोप सचिव पर लगाते हुए कहा कि वह घपलों को दबाने का काम कर रहे हैं। नपा सचिव पर पूरे रिकॉर्ड पर कब्जा कर लिए जाने का आरोप पार्षदों ने लगाया।
पार्षदों ने कहा कि उनके कहने पर भी शहर की गलियों का निर्माण नहीं किया जा रहा है। इससे शहर वासियों में रोष है। इस दौरान पार्षदों ने कहा कि फाइनेंस कमेटी के सदस्यों को भी काई जानकारी बजट संबंधित नहीं दी जा रही। वहीं, पिछले सचिव के समय नियम बना था कि पार्षदों की मंजूरी बगैर काेई भुगतान नहीं किया जाएगा लेकिन मौजूदा सचिव ने आते ही यह नियम बदल दिया।
ऐसे में उन्होंने सचिव, एसडीएम, निगम आयुक्त व उपायुक्त को उन्होंने सूचित करते हुए 19 जनवरी तक का समय दिया है। 20 काे वह अपनी मांगों को लेकर नपा कार्यालय में धरना शुरू करेंगे। इस दौरान पार्षद अनूप, प्रमोद, जसबीर, रवींद्र, सीताराम आदि मौजूद रहे।
वर्जनपार्षदों की मंजूरी के बाद भुगतान करने के फैसले पर पिछले सचिव ने अपने रिलीव होने के दिन हस्ताक्षर किए। इससे पता चलता है कि वह इसे लेकर कितने गंभीर थे इसलिए उस नियम को रद्द कर दिया गया है। जल्द हाउस की बैठक बुलाई जाएगी। वहीं, पार्षदों के अन्य आरोप निराधार है।-मनीष रेढू, सचिव, नगरपा लिका खरखौदा।