फोटो 34: सोनीपत के जिला परिषद कार्यालय में बैठक में जाने से पहले अपनी मांगों को लेकर रोष जताते
सोनीपत। गोहाना रोड स्थित जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को हाउस की बैठक हुई। बैठक में अधूरे विकास कार्यों को पूरा करने के लिए 2.45 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया लेकिन पार्षदों ने वार्ड वाइज ग्रांट वितरण को लेकर हंगामा कर दिया। पार्षदों के बढ़ते हंगामे को देखते हुए निर्णय लिया गया कि इस बजट से पहले से अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।
बैठक से पहले जिला पार्षद अधिकारियों की अनदेखी और सरकार की ओर से मांग पूरी न किए जाने के विरोध में छोटूराम चौक पर एकत्रित हुए। वहां से बग्गी में सरकार का पुतला रखकर प्रदर्शन करते हुए जिला पार्षद पंचायत भवन स्थित कार्यालय में हुई बैठक में पहुंचे।
बैठक के दौरान पार्षदों ने आरोप लगाया कि उन्हें समान रूप से ग्रांट नहीं वितरित की जा रही है। इसके बाद संबंधित पार्षदों की बैठकों में उपस्थिति पर सवाल खड़े किए गए। कई पार्षदों ने काटे गए बीपीएल कार्ड दोबारा जोड़ने जैसी मांगें भी उठाईं।
वहीं, पार्षदों ने सांसद की तर्ज उनके लिए भी कोटा तय करने की मांग उठाई। गांवों में बीपीएल परिवार की श्रेणी से बाहर किए गए लोगों को दोबारा से शामिल करने के लिए कहा। पार्षद संजय बड़वासनी, संत कुमार, देवेंद्र कुमार ने बीपीएल परिवारों को मिले प्लॉटों में सीवर, सड़क और बिजली जैसी सुविधाओं की मांग उठाई। पीएम आवास की दूसरी किस्त जारी करने की मांग भी उठाई।
बैठक में पार्षदों ने गांवों में अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। जिला परिषद के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गली निर्माण, खेतों के रास्ते, चौपाल निर्माण आदि विभिन्न कार्य करवाए जा रहे हैं लेकिन बजट की वजह से कई स्थानों पर विकास कार्य अधूरे पड़े हुए हैं।