गन्नौर। नगर पालिका का बजट पास करने को लेकर बुलाई गई बैठक का 11 पार्षदों ने बहिष्कार कर दिया। पार्षद विकास कार्य न होने के विरोध करते हुए बैठक को बीच में छोड़ कर चले गए। पार्षदों ने मांग करते हुए कहा कि जब तक उनके वार्ड में 50-50 लाख रुपये की विकास कार्यों का एस्टीमेट तैयार नहीं किया जाता तब तक वह बैठक में नहीं आएंगे।
नगर पालिका कार्यालय में सोमवार को बजट पास करने को लेकर विशेष बैठक बुलाई गई। 11 पार्षदों ने आरोप लगाया कि ढाई वर्ष से उनके वार्डों में जिन विकास कार्यों का प्रस्ताव किया जाता है उन्हें छोड़ कर बाकी कार्य किए जाते हैं। वार्ड में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। वहीं उन्हें पूरी स्ट्रीट लाइटें भी नहीं मिलती, जबकि बाहरी लोगों को बिना उनकी जानकारी के स्ट्रीट लाइट दे जाती हैं। वार्ड 7 के पार्षद के पार्षद अंकित त्यागी ने बताया कि पिछली बैठक में सभी 17 वार्ड में 50-50 लाख रुपये के विकास कार्यों के टेंडर लगाने की बात कही गई थी, लेकिन वह भी आज तक नहीं हुए। बैठक में नपा अध्यक्ष अरुण त्यागी, वार्ड 14 के पार्षद दिनेश अदलखा व वार्ड 4 के पार्षद वरुण जैन मौजूद रहे, लेकिन कोरम पूरा न होने के चलते बैठक नहीं हो पाई।
- इन पार्षदों ने किया बहिष्कार
पार्षद सचिन कोच, नरेश टांक, ममता पांचाल, अजय कुमार, अंकित त्यागी, विकास शर्मा, संगीता त्यागी, सोनिया शर्मा, शिवानी जैन, नरेश वर्मा व शमशेर सैनी ने बैठक का बहिष्कार किया।
-
मैंने पार्षदों की मांग को देखते हुए नपा अधिकारियों को निर्देश दिए है कि सभी 17 वार्ड में होने वाले कार्यों का एस्टीमेट जल्द बनाया जाए। उसके बाद अगली बजट बैठक की तारीख निर्धारित कर दी जाएगी। वहीं, स्ट्रीट लाइटों का टेंडर लगाया गया है। टेंडर आवंटित होने के बाद सभी वार्डों में नई स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएंगी।
अरुण त्यागी, चेयरमैन, नगरपालिका