सोनीपत। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां एक दिन रविवार की राहत के बाद सोमवार को 21 कोरोना संक्रमित और मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा 11 कोरोना पॉजिटिव राई की फूफा कॉलोनी में मिले हैं, जहां फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर व रेहड़ी पर सब्जी समेत अन्य सामान बेचने वाले शामिल हैं। इसके अलावा योग शिक्षिका समेत शहर व गांवों के अंदर भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को खानपुर कला मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है और इनके परिजनों व संपर्क में आने वालों के सैंपल कराए जा रहे हैं। जिले में लगातार कोरोना पॉजिटिव मिलने से 233 तक पहुंच गए हैं। इनमें 254 मरीजों को ठीक होने पर छुट्टी मिल चुकी है और अब 67 मरीजों का सामान्य हालत में उपचार चल रहा है।
जिले में सोमवार को 21 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें अशोक विहार की 54 वर्षीय योग शिक्षिका की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। जाखौली गांव की 20 वर्षीय छात्रा भी कोरोना पॉजिटिव मिली है जो कोरोना मरीज के संपर्क में आई थी। जटवाड़ा का 37 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है और यह दिल्ली जाने के कारण संक्रमित हुआ है। यह युवक बस अड्डा के निकट मोबाइल की दुकान चलाता है। नाथूपुर गांव का 30 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। खिजरपुर गांव का 46 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। यह व्यक्ति एक निजी अस्पताल में कोविड वार्ड में हेल्थ केयर वर्कर के रूप में कार्यरत रहा है। राजकीय स्कूल राई के पास जगबीर की कॉलोनी में 48 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है जो कि हिल्टन कंपनी में कार्यरत है। यह व्यक्ति कोरोना मरीज के संपर्क में रहा है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी की गली नंबर तीन में रहने वाला ई-रिक्शा चालक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। राजकीय स्कूल राई के पास गली नंबर-1 में रहने वाला 22 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो लेवल 9 कंपनी राई में आपरेटर है। यह पहले से कोरोना संक्रमित रहने वाले के संपर्क में आने के कारण पॉजिटिव हुआ है। राजकीय स्कूल राई के पास सिंध राम कॉलोनी में रहने वाला 16 वर्षीय लडक़ा भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो पढ़ाई करता है। यह कोरोना मरीज के संपर्क में आने पर संक्रमित हुआ है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला राई के पास रहने वाले 47 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है जो बहालगढ़ स्थित जूस कॉम कंपनी में स्वीपर के रूप में कार्यरत है। यह व्यक्ति भी कोरोना मरीज के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। राजकीय स्कूल राई के पास फूफा कॉलोनी में 4 वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव मिली है तो 28 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव है। यह महिला एक निजी कंपनी में कार्यरत है। फूफा कॉलोनी में 28 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है जो बजाज फैन में मजदूरी करता है। यहां 32 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो कि सब्जी विक्रेता है। इस कालोनी का आठ वर्षीय बच्चा भी कोरोना पॉजिटिव मिला है तो 7 वर्ष व 10 वर्ष के बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव मिले है। यहां 17 वर्षीय लडक़ा भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। इनके अलावा इस कॉलोनी का एक 28 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित नाइट ब्रेक इंडिया कंपनी में मशीन ऑपरेटर का काम करता है। यहां 27 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव मिली है जो रिलायंस रिटेल राई में सिस्टम आपरेटर का काम करता है। इस कॉलोनी में 22 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है जो फिम कंपनी राई में हेल्पर कार्यरत है। यह सभी पहले से संक्रमित मरीज के संपर्क में आने के कारण पॉजिटिव हुए हैं। डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि इस तरह जिले में कोरोना पॉजिटिव के 233 मामले हो गए हैं। जहां पहले 149 मरीज ठीक होकर घर लौटे थे, वहीं सोमवार को 5 मरीजों को ठीक होने पर छुट्टी दी गई। इस तरह से 154 मरीज ठीक हो चुके हैं और 67 मरीजों का सामान्य हालत में उपचार चल रहा है।
अंकित चौहान