सोनीपत। जिले में पिछले एक महीने से लगातार कोरोना पॉजिटिव मिल रहे थे और यहां मंगलवार को काफी राहत वाली बात रही कि कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया। लेकिन यहां मंगलवार को एक ऐसा मामला जरूर हुआ, जिसमें स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जाखौली की जिस महिला को कोरोना पॉजिटिव बताया था, उसे खानपुर कला मेडिकल कॉलेज से मंगलवार को ठीक होने पर छुट्टी भी मिल गई। जिसके बाद पता चला कि वह महिला 13 मई को कोरोना पॉजिटिव मिली थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की पॉजिटिव की सूची में उस समय शामिल नहीं किया गया। उस महिला की 24 मई को रिपोर्ट नेगेटिव मिली तो 25 मई को पहले उसे पॉजिटिव की सूची में शामिल किया गया और उसके बाद 26 मई को डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपना पल्ला झाड़ रहे हैं और इसकी पॉजिटिव रिपोर्ट 25 मई को मेडिकल कॉलेज से मिलने की बात कह रहे हैं।
जाखौली गांव की 55 वर्षीय महिला को फेफड़ों व शुगर की बीमारी होने पर उसके परिजन इलाज के लिए 11 मई को लेकर आए थे। किसी भी अस्पताल ने इलाज करने से इंकार कर दिया तो परिजन महिला को खानपुर कला के बीपीएस मेडिकल कॉलेज में लेकर पहुंचे। जहां महिला व इसके साथ गए बेटे को भर्ती कर लिया गया। महिला को यहां आईसीयू में रखा गया था और उसकी कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया। जिसके बाद 13 मई को महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली और बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे घर भेज दिया गया। इसके बाद से महिला का बीपीएस मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। 24 मई को इस महिला की रिपोर्ट निगेटिव मिली तो मेडिकल कालेज प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना दी गई और उसे सोमवार को महिला को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वार्ड में शिफ्ट करने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला के कोरोना पॉजिटिव मिलने की बात कही गई और उसके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार करके उनको सैंपल के लिए लेकर गए। जबकि महिला को मंगलवार को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया गया।
ऐसे हुआ पूरा मामला
यह पूरा मामला ऐसे हुआ कि इस महिला को पॉजिटिव के रिकार्ड में शामिल नहीं किया गया। जब 24 मई की रात रिपोर्ट निगेटिव आई तो स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में महिला नहीं मिली। इसके बाद अफरा-तफरी में उसे 25 मई को रिकार्ड में पहले पॉजिटिव दिखाया गया और उसके बाद 26 मई को डिस्चार्ज किया गया। महिला के बेटे ने बताया कि उसकी मां की रिपोर्ट 14 दिन पहले पॉजिटिव आई थी और अब उसकी मां की रिपोर्ट निगेटिव आई तो उनके संपर्क में आने वालों के बारे में जानकारी मांगी जा रही है।
--
कंटेनमेंट जोन घोषित किए
डीसी श्याम लाल पुनिया ने जिला में अलग-अलग स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने पर उन जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। रेलवे कालोनी गोहाना, फौजी सदन पीजी गांव सेवली (पहले से नियंत्रित क्षेत्र), गांव गोपालपुर, गली नंबर पांच देव नगर सोनीपतज, डीएवी स्कूल के पास सेक्टर-15 के पास का क्षेत्र, शिवा मार्डन स्कूल वाली गली टीकाराम कालोनी कुंडली को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इन जगहों पर आवाजाही पर पाबंदी लगाई गई है।
--
हमारे पास 25 मई को मेडिकल कालेज से कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट की जानकारी आई थी। जबकि उसकी पॉजिटिव रिपोर्ट 13 मई को मिली थी और उसको देखते हुए रिपोर्ट निगेटिव आने के साथ ही 14 दिन पूरे होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।
-डॉ. बीके राजौरा, सीएमओ