सोनीपत। कोरोना संक्रमण के खिलाफ जंग में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि मुरथल के विद्यार्थी भी शामिल हो गए हैं। विवि की रोड सेफ्टी अवेयरनेस सोसायटी ने ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 20 रुपये एंट्री फीस रखी गई है।
प्रतियोगिता के लिए मुरथल विवि के अलावा आसपास के दूसरे विश्वविद्यालयों से भी आवेदन मांगे गए हैं। प्रतियोगिता के विजेताओं को विवि की ओर से डिजिटल प्रमाण दिए जाएंगे। प्रतियोगिता से एकत्रित होने वाली पूरी राशि को पीएम रिलीफ फंड में जमा करवाया जाएगा। कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की। इससे पहले विवि का स्टाफ पहले ही कोरोना रिलीफ फंड में 28 लाख रुपये दे चुका है।
प्रतियोगिता में 75 प्रश्नों का उत्तर 20 मिनट में देना होगा
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पंजीकरण के लिए विद्यार्थियों द्वारा मात्र 20 रुपये फीस रखी गई है। प्रतियोगिता में 75 प्रश्नों का उत्तर 20 मिनट में देना होगा। विवि के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विवि के शिक्षकों की टीम भी शामिल रहेगी। ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए एक निर्णायक मंडल बनाया जाएगा जो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को ऑनलाइन डिजिटल मेरिट प्रमाण पत्र के साथ शील्ड प्रदान की जाएगी। विद्यार्थी विवि के लिंक से अपना स्वयं का प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में रोड सेफ्टी अवेयरनेस कमेटी के अध्यक्ष रोहन मलिक, उपाध्यक्ष काम्या सिंह, सचिव राधिका गुप्ता, प्रोग्राम संयोजक हेमंत सांगवान व प्रोग्राम सह संयोजक अंकुश वर्मा की टीम कार्य करेगी। यह लिंक विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि विवि द्वारा विद्यार्थियों को इस प्रकार की शिक्षा प्रदान की जा रही है कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। लॉकडाउन की स्थिति में विवि का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता में वृद्धि करना है, ताकि विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हो तथा उनके ज्ञान में वृद्धि हो। विवि के विद्यार्थी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से पैसा एकत्रित कर पीएम केयर फंड में जमा करवाएंगे।