सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। अब एक पुलिस कर्मी और निजी अस्पताल के दो कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें एक स्टाफ नर्स शामिल है। पुलिस कर्मी कैसे संक्रमित हुआ है, इसका पता लगाया जा रहा है तो निजी अस्पताल के कर्मी अपने यहां भर्ती कोरोना संक्रमित मरीज से पॉजिटिव हुए हैं। इन सभी को खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और इनके परिजनों और अन्य को आइसोलेट किया गया है। इसके साथ ही डीसी ने कंटेनमेंट जोन बढ़ा दिए है और इनके गांव व मोहल्ले को सील कराया गया है।
डीसी डॉ. अंशज सिंह ने बताया कि जिले में वीरवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक सोनीपत के समन ब्रांच में तैनात ईएएसआई है जो दिल्ली का रहने वाला है। उसकी जांच कराई गई तो वह कोरोना पॉजिटिव मिला है। वह किस जगह से कोरोना संक्रमित हुआ है, इसका पता लगाया जा रहा है। इसके साथ ही उस ईएएसआई के परिजनों व संपर्क में आने वाले अन्य को आइसोलेट किया गया है। इसके अलावा एक निजी अस्पताल की स्टाफ नर्स व एक कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्टाफ नर्स रेवली गांव की रहने वाली है तो कर्मी शहर के ज्ञाननगर का रहने वाला है। इन दोनों के संक्रमित होने का कारण बताया जा रहा है कि निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराई गई महिला कई दिन पहले कोरोना संक्रमित मिली थी। उसके संपर्क में आने के कारण दोनों भी कोरोना पॉजिटिव हो गए है। इनके परिजन व अन्य को आइसोलेट किया गया है। इसके साथ ही डीसी डा. अंशज सिंह ने रेवली व ज्ञाननगर को कंटेनमेंट जोन घोषित करके सील करा दिया है, जिससे संक्रमण नहीं फैल सके।
84 कोरोना पॉजिटिव हुए, 50 से ज्यादा में लक्षण नहीं मिले
जिले में 84 कोरोना पॉजिटिव मिले है, जिनमें से 9 ठीक होकर घर आ चुके है। लेकिन इनमें 50 से ज्यादा में किसी तरह का लक्षण नहीं दिखाई दिया। जिसने स्वास्थ्य विभाग को परेशानी में डाला हुआ है। इनमें से अधिकतर को स्वास्थ्य विभाग ने खुद आइसोलेट करके जांच कराई तो संक्रमितों के संपर्क में आने वाले पॉजिटिव मिले है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार लगभग 20 ऐसे मरीज है, जिनमें लक्षण मिले है और अन्य सभी बिना लक्षण के रहे। ऐसे भी हो रहा है कि कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उनको कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया जाता है और वह ठीक होकर घर आ जाते है। लेकिन उसके बाद भी उनके अंदर लक्षण नहीं आते है।