फोटो : सोनीपत नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठे संविदा सफाई कर्मियों को संबोधित करती कांग्रेस
सोनीपत। ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच का धरना शुक्रवार को 11वें दिन समाप्त हो गया। बैठक में आयुक्त से आश्वासन मिलने के बाद ही धरने का समापन किया गया। इससे पहले प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को कांग्रेस पार्टी का समर्थन मिला।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया और हरियाणा कांग्रेस एससी विभाग के अध्यक्ष मनोज बागड़ी ने कर्मचारियों की समस्याएं जानी। नगर निगम कार्यालय में कमिश्नर हर्षित कुमार से यूनियन सचिव मंडल की बैठक हुई।
बैठक में सहमति बनी कि 103 कर्मचारियों को जल्द निगम के रोल पर लिया जाएगा और सूची की प्रति यूनियन को दी जाएगी। हटाए गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर लेने और अगस्त 2025 से फरवरी 2026 तक ईएसआई, पीएफ व वेलफेयर राशि खातों में जमा करने का आश्वासन दिया गया।
धरने की अध्यक्षता प्रधान मुकेश टांक ने की जबकि संचालन कोषाध्यक्ष विजय तोमर ने किया। शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने वाले इन कर्मवीरों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी अपनी कुंभकर्णी नींद से जागें अन्यथा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
कहा कि नगर निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों के सब्र का इम्तिहान न ले। ये कर्मचारी शहर की रीढ़ हैं लेकिन आज इन्हें अपने हक के लिए सड़कों पर बैठने को मजबूर किया जा रहा है। प्रशासन को एक सप्ताह (7 दिन) का समय दिया था।