26jjrp10- छिक्कारा चौक से धौड़ चौक तक जाने वाला मार्ग उखाड़ा हुआ। संवाद
झज्जर। शहर के छिक्कारा चौक से धौड़ चौक तक बनने वाला सीसी रोड का काम बीच में ही छोड़ दिया गया है। ठेकेदार ने सड़क उखाड़ने के बाद आगे काम शुरू नहीं किया है।
वहीं मामले को लेकर अधिकारियों का कहना है कि निर्माण साम्रिगी खत्म होने के बाद ठेकेदार काम शुरू नहीं कर पा रहा है लेकिन काम बंद हुए कई दिनों के बाद अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की ओर से ठेकेदार को काम दोबारा चालू करने के लिए पत्र लिखा है। काम बंद होने से दुकानदारों का व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। यादव धर्मशाला से छिक्कारा चौक तक सीसी सड़क बन चुकी है। लगभग 15 दिन पहले ठेकेदार ने छिक्कारा चौक से धौड़ चौक तक सड़क उखाड़ दी थी ताकि यहां नई सड़क बनाई जा सके।
मानसनू शुरू हुआ तो काम हो जाएगा पूरी तरह से बंद
बारिश शुरू होने के बाद सड़क का काम चालू नहीं हो पाएगा। ऐसे में दुकानदारों की मांग है कि मानसून से पहले सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाए। दुकानदार सुरेश कुमार, मुकेश ने बताया कि सड़क निर्माण का काम कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है। इस कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। यदि सड़क का काम जल्द शुरू नहीं हुआ और बारिश शुरू हो गई तो यह लंबा खींच जाएगा।
वर्जन
सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार को पत्र लिखा गया है। ठेकेदार को जल्द काम शुरू कर पूरा करने को कहा गया है।
सतीश कुमार, जेई, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर