बहादुरगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से प्रस्तावित सेक्टर-29 को विकसित करने की योजना फिलहाल किसानों की बेरुखी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही है। सेक्टर बसाने के लिए आवश्यक भूमि खरीद प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से एचएसवीपी ने विभिन्न स्थानों पर जागरूकता एवं संपर्क शिविर लगाए, लेकिन अब तक कोई भी किसान अपनी जमीन देने के लिए आगे नहीं आया है। बाजार दर अधिक और सरकार द्वारा तय दर कम होने के कारण किसानों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई है।
एचएसवीपी की ओर से प्रस्तावित सेक्टर-29 के विकास के लिए 15 गांवों की 6355 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए सरकार की ई-भूमि पोर्टल योजना के तहत किसानों से स्वेच्छा से जमीन बेचने के आवेदन मांगे गए हैं। भूमि मालिकों को योजना की जानकारी देने तथा उनकी शंकाओं के समाधान के लिए विभाग ने कई कैंप भी लगाए, लेकिन किसानों की भागीदारी नहीं रही।
प्राधिकरण ने किसानों को आवेदन के लिए अवसर दिया हुआ है। ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित है। यदि पर्याप्त भूमि प्रस्ताव नहीं मिले तो सेक्टर-29 की योजना में और देरी हो सकती है।
मास्टर प्लान में ये सेक्टर हैं प्रस्तावित
बहादुरगढ़ के मास्टर प्लान 2041 में रिहायशी सेक्टर-3, 3बी, 4ए, 14, 15, 25, 26, 28, 28ए, 29, 37, 41, 42, 47, 48 और 51 प्रस्तावित हैं। इसके अलावा मिक्स लैंड यूज में सेक्टर 3ए, 17ए, 23, 24, 27, 30, 31, 32, 33, 35, 36, 38, 40, 44, 45, 46, 49 व 50 हैं।
बहादुरगढ़ में इन सेक्टरों के लिए जमीन खरीदने की तैयारी
सेक्टर का नाम जमीन (एकड़ में) गांव
सेक्टर 23 283 हसनपुर, परनाला
सेक्टर 24 221 हसनपुर, परनाला
सेक्टर 25 155 बहादुरगढ़, बामनौली, परनाला
सेक्टर 26 108 परनाला
सेक्टर 27 545 बहादुरगढ़, बामनौली
सेक्टर 28ए 62 बहादुरगढ़, सांखोल
सेक्टर 29 264 बहादुरगढ़, बराही, सांखोल
सेक्टर 30 211 बराही, जाखौदा, सांखोल
सेक्टर 31 95 बराही, जाखौदा, सांखोल
सेक्टर 32 211 जाखौदा, सादपुर, टांडाहेड़ी
सेक्टर 33 333 जाखौदा, कसार, सादपुर
सेक्टर 35 220 कसार, खेड़का मुसलमान
सेक्टर 36 272 खेड़का मुसलमान, नूना माजरा, सराय औरंगाबाद
सेक्टर 37 172 बरकताबाद, नूना माजरा, सराय औरंगाबाद
सेक्टर 38 228 बालौर, बरकताबाद
सेक्टर 40 15 बरकताबाद, नूना माजरा
सेक्टर 41 239 खेड़का मुसलमान, नूना माजरा, टांडाहेड़ी
सेक्टर 44 181 बामनौली, परनाला
सेक्टर 45 178 बहादुरगढ़, बामनौली
सेक्टर 46 153 बहादुरगढ़, बामनौली, बराही
सेक्टर 47 169 बहादुरगढ़, बराही
सेक्टर 48 123 बहादुरगढ़, बराही, जाखौदा
सेक्टर 49 139 बामनौली
सेक्टर 50 144 बामनौली
सेक्टर 51 92 बामनौली
सेक्टर 3 216 बरकताबाद, सराय औरंगाबाद
सेक्टर 3ए 297 बहादुरगढ़, कसार, खेड़का मुसलमान, सराय औरंगाबाद
सेक्टर 3बी 100 कसार, खेड़का मुसलमान
सेक्टर 4ए 95 कसार
बहादुरगढ़ शहर के साथ लगते अधिकांश गांवों में मार्केट रेट 5 से 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से जमीन के रेट हो गए हैं। सरकार का रेट काफी कम हैं। ऐसे में किसान सरकार को जमीन देने को तैयार नहीं है।
-युवराज छिल्लर, प्रॉपर्टी डीलर
सरकार कलेक्टर रेट का तीन गुणा या फिर 1200 वर्ग गज का प्लाट देने की बात कह रही है। मगर बाजार के रेट इससे काफी अधिक हैं। इसलिए कोई भी किसान तैयार नहीं है।
आशीष छिकारा, किसान
सरकार की ओर से मास्टर प्लान में प्रस्तावित सेक्टरों के लिए जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया है। ई भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। किसानों को जागरूक करने के लिए हर गांव में कैंप भी लगाए गए लेकिन किसानों ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
अजय, जेई, एचएसवीपी, बहादुरगढ़।